Tuesday, 13 May 2014

पुरे चाँद
पर उखड़ी
उखड़ी सी रात

जैसे
भीगी आँखों में
उतरे उतरे से तुम

अधूरी रात संग अधूरी मैं……..

Sunday, 11 May 2014

ज़िन्दगी जीना....

ज़िन्दगी की
तह गुज़रे
तो कुछ यूँ लगा
साँस लेना ही यहाँ जीना नहीं है
जागना, सोना, खाना, पीना
यही सब नियमवार
जीना नहीं है

यूँही
कटते दिन रात
सुबह वही
रोज़ की तरहा आने वाली
शाम उदास
रोयीं गुमसुम सी जाने वाली
रात भर ताकना
घर के सोये लोगो को
उठकर दरवाज़े तक जाना
खिड़कियों से निहारना बाहर का
फैला सन्नाटा
शान्त आसमां और
चिल्लाते झींगुरों को सुनना
यूँ जागना और
जागते रहना तो
जीना नहीं है

रोज़ तरकारी काटना
और यूँही दो पहर
तरकारी काटते हुए
साँसे भरना,
लम्बी उदास बोझल
साँसे भरना नीरस लगता है

जीवन क्या यूँही है
एक नियम सा,
एक तार पर लटकते रहना
साँस लेते हुए बस

नहीं ……..

दर्द में रहते हुए
जागना, सोना
दिन रात शामों और
सुबह महसूस करते हुए
हर पहर कि पीङा सहते हुए
रोज़ दर्द को बढ़ते और
फिर घटते हुए, लड़ते हुए
थोड़ा जीते रहने के लिये
रोज़ बहुत मरते हुए
संघर्ष करते हुए दिन जीना
क्या जीवन जीना है ??

सिर्फ
साँस लेना जीवन नहीं
हर साँस को
महसूस कर उसकी
क़ीमत चुकाते हुए
जीना जीवन…….है क्या???……….

Saturday, 10 May 2014

मैं नहीं जानती
उपयोग करने की कला
किसे…..? कैसे….?
किस लिए……? कब तक ?
उपयोग करना नहीं आता
नहीं …….
कभी ख्याल नहीं आता

हाँ
उपयोग होना सीखा है
माँ से.……
माँ कहती है इसमें सुख है.…

सुख ?
हाँ.......सुख
दबा-दबा सा सुख
झाँकता-छुपता सा सुख
कभी मंद-मंद सा मुस्कुराता सुख और
वक़्त के गुज़रते जाते ही
उसके चाको में
पिसता सुख, घिसता सुख
करहता सुख, दम तोड़ता सुख

देखा है मर्तबा मैंने
उपयोग चीज़ों का बेहतरी से
पर इंसान का उपयोग
डराता है

समझ नहीं पाती हूँ
कैसे वस्तु का स्थान
एक साँस लेते जीवित व्यक्ति को
दे दिया जाता है

यह शर्मनाक है, घिनौना है
अमानवीय है, दर्दनाक और वीभत्स है

मैं उपयोगिता के
स्तर को बाँट चुकी हूँ
बाँट रही हूँ........
कई अर्थों में और
मज़बूर हूँ समय के आगे
उसके सामने मेरे हाथ फैले है
जिस पर समय ने
उपयोगिता की मुहर लगा रखी है और
अब मैं उपयोग होने के अलावा
कुछ नही कर सकती तब तक
जब तक
मुझ पर बैठा
वक़्त का तानाशाह
मुझे अपनी कैद से आज़ाद नहीं करता

जब तक
मेरी उपयोगिता की
समय सीमा समाप्त नहीं हो जाती
मुझमें बसने वाली एक भी उपयोगिता की नब्ज़
अपना दम नहीं तोड़ देती
तब तक........
मेरे हाथ यूँही फैले रहेंगे

समय की मुहर
मेरे हाथों की लकीरों में
समां कर मेरे अंतर-मन में जा बैठी है
जो अब मुझे सोचने नहीं देती
समझने नहीं देती
जैसे मेरे मन का एक हिस्सा
सुन्न हो गया है, सब शान्त हो गया है

बस
समय है और उसमें बहती
मेरी उपयोगिता……..

Tuesday, 6 May 2014

सोचा था
इतना क़रीब हो कर
शायद वो मिल सके
जिसके लिए मेरे मन की जमीं
बंज़र हुए जाती है

थोड़ा मोह, प्रेम, स्नेह
ख्याल परवाह और विश्वास

तुम
मिले लगा तो था
मेघ बरसेगा और
फिर फूल खिल उठेंगे बहार के
पर मैं कैसे भूल गयी

तू ठहरा निरा पुरुष
तन के साथ तेरे मन का
क्या काम, क्या मोल

मैं मन
लेकर आयी थी
तूने तन की बोली लगा दी

निर्थक हो गया मेरा जीवन

विश्वास के बीज़ को
प्रेम की ज़मीं भी न मिल सकी और
तन का भूखा बाज़
मेरा विश्वास रूपी बीज़ ले उड़ा

मैं खाली हाथ
तकती हूँ तुझे और
मेरे पथराये होठ
चुप्पी की चादर ओढ़
प्रेम माँगते हैं

मैं
कह नहीं सकती
पर बिलख रही हूँ
मैं टूट रही हूँ
मैं टूट रही हूँ…
न जाने क्यूँ
मेरे सपनो मे
अब तुम नहीं आते
न मुझे सुबह याद आते हो
और न ही दिन भर तुम
दौड़ा करते हो
घड़ी की टिक-टिक के साथ

शाम तक तो
दूसरे दिन के तमाशों का
बोझ सताने लगता है

तुम्हारी
जगह ही नहीं बचती
जो तुम्हें याद भी करुँ

रातों को
नींद नहीं आती पर
न जाने क्यूँ
क्या सोचती हूँ और
सोचती जाती हूँ

घबराने
लगती है रातें …….
बैचैन हो कर पास आ बैठती है
पर मैं चुप और
वो भी चुप
चुप-चाप से चुप बैठे रहते है
सवेरा होने तक और
जब सूरज पलकों को छुता है
रात धीमे से सरक
मुड़ जाती है

फिर
मैं भी दिन के चढ़ते ही
पहरों को चढ़ने लगती हूँ

अब
यूँही वक़्त गुज़रता है
चुप-चाप और
बिन तुम्हारे ख़्यालों के

हाँ
कुछ दिनों से
जब रात ने भी चुप्पी का
साथ छोड़ दिया
तब से मैं
आँखों आँखों में
रातों के पहर गिना करतीं हुँ

पर न जाने क्यूँ
अब मेरे सपनो मे
तुम नहीं आते हो और
न मुझे
सुबह और शामों में सताते हो......क्यूँ?

Wednesday, 30 April 2014

करीब
हो कर भी
लगता है
बहुत दूर हो तुम

चलते
हो साथ मगर
नज़र नहीं आते
जैसे अब
साया हो तुम

साथ हो पर …..कैसे ?
मैं तुम नहीं
बन सकती
तुम और मैं
हम नहीं हो सकते
ये कैसा बेतुका
साज़ हो तुम

ये जो
बातें है ज़माने क़ी
ये मुझसे नहीं है न तुम से
न जोड़ो इन्हें हमारे
दरमियाँ

बेचैन हूँ मैं
तुम्हारी होने के लिए

आ
जाओ मेरे बन के
मेरे लिए ……..आ जाओ न ……..