Thursday, 30 January 2014

मैं अमावस की काली रातें
तुम गिनते
११६ चाँद की रातें
मेरी बरसातों में तुम
मोहब्बत उगाते हो
मैं चुनती हूँ फिर भी ….काँटे

मासूम हो तुम
समझते नहीं संज़ीदगी की
ज़ुबां ……
कुछ लम्हों की तड़प
सुनायी नहीं देती
सिर्फ महसूस होती है
और तुम सब कुछ 
सुनना चाहते हो

कैसे सुनोगे सिलवटों की
चीख़ें, तकिये की
सिसकियाँ, यादों की रुलाई
मन की तन्हाई
नहीं सुन पाओगे ....... कभी नहीं 

तुम चाँद बनो
चाँदनी के, भिगोती रोशनी के
महकते लम्हों के, तरसते
सपनों के
मैं अमावस की काली रातें
तुम चुनो
११६ चाँद की रातें,
अपने लिए……

Wednesday, 29 January 2014

कैसा वक़्त है ये
राहें खोयी सी है
जैसे सब गुथ गया और
कोई पहचान नहीं रही
उभरने के लिए …….

कौन है मेरा अपना
कोई नहीं, अनजान सायें है
दूर........ दूर तलक 
सिर्फ अंधकार और निराशा 
सब है मगर, अपना कोई नहीं
एक दूजे से जुड़े खून से
जात से, जन्मजात से मगर
अनजबी है.…… मन से, दिल से
बातें है सब, स्वार्थी है सब
दिखते अपने से, पराये है सब
घुटन होती है यहाँ
एक झरोख़ा दिखता तो है पर
दूर बहुत है …….
मेरे उसूलों के
कद कम पड़ जाते है ……..

एक परिन्दा क़ैद में है
तड़पता है , फड़फड़ाता है
नहीं पता कब तक सब्र में है

एक जान ख़तरे में है ……..

Monday, 27 January 2014

बरसी कल रात
गरज़ कर तन्हाई
भिगो दिए सारे गम
ख़ामोशी के
खेलती रही अजनबी
परछाइयाँ
निचोड़ती रही अपना दामन
यादें रात भर
बह गये वक़्त के बिखरे पन्ने

मैंने भी ज़ेहन से दाग़
धो दिए
बीती रात सब उजला गया
मन से सारा कोहरा छट गया

अब धड़कने
सुनायी दे रही है ……..
कब से न जाने
हर शाम कन्धों पर लिए
रातों के सफ़र पर
चलती रही हूँ मैं
अश्क़ों से डबडबायी आँखे लेकर
हाथों से दीवारें टटोला करती हूँ
अक्सर खुरच जाती है लकीरें
नसीब रिसने लगता है
सब्र का मरहम भी
आउट ऑफ़ डेट हो चला है
छीलते ज़ख्मों पर
हँसी आती है,
दर्द अब मीठा हो गया है

आदतन उकता गयी हूँ
इस सफ़र से पर
लगता है कुछ
मेरा ही इसमें छूटा हुआ है
यूँ दिखता अगर
तो आसां था ढूँढ पाना भी
न जाने किस शेय में जा मिला है
पूछा था शाम का नाम लेकर
गुज़रते लम्हों से
उस दिन से हर पल भी चुप हो गया है
मुमकिन है अब ये बात शाम ही
बताये इसलिए …..

हर रोज़
काँधे पर शाम को बिठाये
सफ़र पर निकलती हूँ मैं……….

Sunday, 26 January 2014

एक ऐसे सफ़र पर हूँ मैं
जिसकी मंजिल मुझे नहीं पता....
रोज़ निकल पड़ती हूँ
अपनी उलझनों को
सवालों के बस्ते में डाल और
आँखों में बेचैनी ले कर,
नहीं जानती की ये
जाने वाली सड़के
मुझे कहाँ ले जायेंगी और
वो आने वाली सड़के
कहाँ छोड़ जायेंगी
रोज़ मीलों तक चलती रहती हूँ
थक जाती हूँ, 
पाँव कापने लगते है,
ज़िस्म ज़र् होने लगता है,
लब सूख कर झड़ने लगते है
मैं हाथों से सामने 
रास्ते टटोलती हूँ और
गिर जाती हूँ

यूँही दिन ढल जाता है
शाम बैठ जाती है 
आ कर काँधे पे मेरे
रात भर उसे लिए बैठी रहती हूँ
ज़ख्म धोती रहती हूँ
साँस लेती रहती हूँ
ये कैसा सफ़र है मेरा
जहाँ न कोई मील का पत्थर है न
छाव के लिए एक अधना पेड़
बस चलते जाना है रोज़
बिना जाने की कहाँ जाना है
कहाँ रुकना है
बस चलते जाना है…………

Friday, 24 January 2014

तुम्हारा अस्तित्व
नहीं समझ पाती हूँ
तुम कभी ख्याल
कभी नज़्म, कभी गीत बन
मेरे लबों पर सजे रहते हो
कभी महक, कभी गहना बन
मेरे बदन से लिपटे रहते हो
बालों में मोती से, आँखों में
काजल से गुथे रहते हो
हाथों में चूड़ियों से और
पाँव में झांझर से
गुनगुनाया करते हो
सोचती हूँ तुम्हे
सागर सी गहरायी साथ ले कर
तुम्हारी वजह, तुम्हारी जगह
तलाशती हूँ खुद में
फिर भी गुम हो तुम और
तुम्हारा अस्तिव
नहीं समझ पाती हूँ………