Wednesday, 30 October 2013



                     

सुर्ख़ जैसे गुलाब होता है
वैसे ही .....मेरा प्यार है तुम्हारे लिए ....सुर्ख़ .....


जब ख्याल हर्फ़ बन
तुम्हारा नाम लेके
मेरे प्यार के धागे में बंध
माला गुथ सीने से लग
जायें .....

जब ख्वाब
तुम्हारी रंगीली बातों
में रंग कर
मेरी नींदों तक 
आयें ……

जब तुम्हारी याद में
आँखों का
पानी गिरता हुआ .....
गालों पर
चुम्बन रख जाये ....

जब हवाएं चले
मुझे छेड़ती सी
दुप्पटे को ले उड़े .....
और दुप्पटा छुड़ाने
कदम दौड़ते उसके 
पीछे तक जाये .....

जब गहरी काली रातों में
चुप चुप
चाँद को तलाशती हूँ
एक तेज़ चमकता तारा
उस पल जब नज़र
में भर जाये .....

जब महफिलों में महकते लोग
अपनी बासी बातों से
मेरा दिल सुलगा जायें ........
उस पल ……
तुम बहुत याद आये
बहुत याद आये ………

Tuesday, 29 October 2013

करवट बदलती रातों में
मेरे शब्द पंछी बन
ख्यालों कि पगडंडियों पर बैठ
अरमानो के फूल चुगते है

कुछ खाते और 
बाकी अधखाया बिखरा देते है
हर अरमां यूँही
कुछ खाया खाया सा
झूठा किया हुआ.....

बिखरे हुए, अधखाये, झूठे किये
अरमां मेरे....
सड़ने लगे है अब
चीटियां लग गयी है
बास आने लगेगी ....कुछ दिनों में

इतनी दुर्गन्ध और सड़न से
अब तो ....
ये पंछी भी
अपना रास्ता बदल लेंगे
और …….
सुना हो जायेगा
मेरे ख्यालों का बागीचा ......
जब भी ख्यालों में तुम आये
अक्सर ज़ेहन में 
अनगिनत अल्फ़ाज़ों की
बारीशे होने लगी
मैंने कई बार 
उन्हे हथेलियों पर समेट
कागज़ पर उकेरने की कोशिश की
मगर ना जाने क्यूँ
वो अल्फाज़ कागज़ पर 
उतर नहीं पाते
कभी अल्फ़ाज़ों से नज़्म न हो पाये

मैंने हर्फ़ हर्फ़ समेटा
फिर भी ....
नज़्म न बन सकी
सोचती हूँ कहीं ये अल्फाज़
मेरे भीगने के लिए तो नहीं
सिर्फ मुझे भीगो कर
इनकी प्यास बुझ जाये
और कागज़ पर गिर 
इसलिय ये अपना
वजूद खो देते है
समझ सकती हूँ .....

ये ज़िन्दगी 
अब अल्फ़ाज़ों से नहीं रही
शायद ...
पर ये अल्फाज़ ही 
मेरी ज़िन्दगी बन गए है
और मैं ये ज़िन्दगी ऐसे ही जीना चाहती हूँ .....
भीगती हुई ....
तुम्हारे ख्यालों के अल्फाज़ भरी 
बारिशों में ....यूँही……

Friday, 25 October 2013

बहाने कम नहीं पड़ते
ज़िन्दगी गुजारने के लिए
फिर भी यूँ लगता है ....कुछ कमी है

सवेरे से जो गूंथती हूँ
ये नहीं वो ....वो नहीं ये
का सिलसिला
बस रात तक खीच ही जाता है
एक दिन और बीत गया
तसल्ली मिली पर.....कुछ कमी है

गुमराह है तलाश मेरी
मगर इस मन को सुकूं नहीं
निकल पड़ता है
ख्यालों का बस्ता लगा कर
हर सड़क हर गली
जानता है कोई कूचा न मिलेगा
फिरता लिए बोझा
शायद इत्मीनान है पर.....कुछ कमी है

अक्सर अकेले ताकती आसमां को
कभी देर रात तक दीवारों को
गहरी लम्बी साँस ले कर
अफ़सोस निभा लेती हूँ अपनी
तन्हाईयों संग
साथ मिल जाता है दोनों को
पर ......कुछ कमी है

हाँ....
सब हो ही जाता है
वक़्त गुज़र ही जाता है
उम्र की संख्या बदलती ही रहेंगी
पर फिर भी ....कुछ है जो
उदास कर जाया करेगा
नम आँखों से ....कहना भी होगा तब
कुछ नहीं ....बस यूँही....
पर मैं जानती हूँ.....कुछ कमी है ……

मैंने तो यूँही लिखा था बस
नहीं जानती थी .....इबारत सच हो जाएगी

बनावट तो शब्दों की ही थी
नहीं जानती थी ....इनसे तबाही मच जाएगी

मेरे ख़ुलूस में जो ख्याल मुकम्मल न था
नहीं जानती थी .....वही वजह बन जाएगी

ज़र्द हुई नब्ज़ धडकनों की यूँ
नहीं जानती थी ....की जान पर बन आएगी

तकल्लुफ हुआ तुम्हें सोच शर्मिंदा हूँ
नहीं जानती थी ......सुई तलवार हो जाएगी

मेरी मोहब्बत का खुदा गवाह रहा है
नहीं जानती थी ....खुदायी भी बेवफाई बन जाएगी

मैंने तो तेरे लिए ही सोचा था
नहीं जानती थी .....सोच भी गुनाह हो जाएगी