Friday, 25 April 2014

वक़्त के मिसरे
बिगड़ते गये और
तुम न चाहते हुए भी
उन गड़बड़ाते समीकरणों में
अपनी ताह ढूढ़ते रहे

तुम्हारी
चाह बढ़ती गयी
इतनी की मुझ में से
मुझे खत्म करने लगी

मैं डरती हूँ
खुद के ख़त्म होने से
अपने खोने से
बड़ी मुश्किल से खुद को पाया है

इसलिए
अब तुम रहोगे
या मैं
तय कर लो
तुम चले जाओ
ख़ुशी से
नहीं तो मुझे
छोड़ जाना होगा तुम्हें

अपने को पा कर
खोना नहीं है मुझे
इसकी 
क़ीमत चुकायी है मैंने

तुम
मेरे लिए नही हो
ये तुम भी जानते हो
जो लेना था मुझसे
तुम ले चुके
अब अगर
फिर मंशा रखते हो तो
मुझे माफ़ करो
बस चले जाओ

मैं खुद में
खुद संग रहना चाहती हूँ
बिना तुम्हारे

हाँ……..
सच ……बिना तुम्हारे…
बंद
होठों से
ये उँगली हटा दो
कि
तुम्हारी
चुप्पी से
कहीं ज्यादा
मुझे ये खौफनाक लगती है.....

Thursday, 24 April 2014

बिना
शर्त के
मिलना है ....तो मिलो

वरना
शर्त-ए ज़िन्दगी
जीना भी
मुझे .....गवारा नहीं....

Wednesday, 23 April 2014

चाहूँ तो
कई रंग-बिरंगे वहम
बाँध कर, ओढ़ कर
चल पडूँ ज़िन्दगी की राह
जीने के लिए

पर
कब तक
किसे धोखा देना,
उन्हें जो मुझे देख अंदाज़ा
लगाते है मेरे होने का…….न होने का

पर ये तो
दिखावा हुआ न?
नहीं……… 
ये मुझसे नहीं होता….

मैं
ख़ुद से कैसे बचूँ
कहाँ से, कैसे, किधर जा कर
छुप कर …..ख़ुद से …..

मैं …..
खुद को बचा सकूँ
ऐसे की मेरा
मुझसे तार्रुफ़ न हो सके
मैं मेरे सामने
मैं मेरी रूह से न टकरा पाऊँ
कहाँ जाऊँ?
खुद से कैसे भागु?

घर, गली, शहर छोड़ दूँ ?
या फिर दुनिया छोड़ दूँ ?
पर खुद से
कहाँ भागूं? ……..कहाँ?

वहम
पाल कर
कैसे जियुँगी और
कब तक?

नहीं …….
नहीं मुझ से ये
नहीं होगा

मैं
ज़मीं पर पैर रख
उसे जीना चाहती हूँ
उसकी ठंडक, उसकी तपिश
उसकी बुँदे, उसकी आग में जलना
चाहती हूँ

मैं
ज़िन्दगी
की ख़्वाहिश
बन जीना चाहती हूँ

बस …….
बस यही चाहती हूँ …..बस!!!
काश
तुम समझ पाते
मेरे मन कि पीड़ा को

हर
रिश्ते की टूटन से
टूट चुकी थी मैं
तुम मिले तो जैसे
सहारा मिला फिर जीने का
तुम संग मिल रंगीन होने का

मैं
मुरझाई थी
तुमने छुआ तो महक उठी

हाँ तुमसे
रिश्ता नहीं निभाना था मुझे
पर फिर भी
न जाने क्यूँ दिल ने
रिश्ता गढ़ लिया

कुछ
गीली मिट्टी पड़ी थी
एहसासों की
तुम मिले तो उसे भी
अपना आकार मिल गया

नहीं
समझ पायी
कब कैसे ?
तुम मुझ में बसते गये
मैंने तो
पहले ही हर दरवाज़े पर
नमुमकिन का ताला लगाया था

न जाने
कब किस हवा ने वो
कुण्डा तोड़ तुम्हें
अन्दर आने दिया
और तुम भी
मुझमें समाते चले गये

अब मैं
तुम संग
तुम जैसी हो गयी हूँ और
यूँही रहना चाहती हूँ
पर नहीं ……….

नहीं
ये मुमकिन नहीं
तुम जा रहे हो और
तुम्हें जाना ही होगा

मैं
और तुम
कभी हम नहीं हो सकते

मगर
दिल घबरा रहा है
और बस तुम्हें माँगता है
मैं भाग कर
तुमसे लिपटना चाहती हूँ

पर
कुछ बीच हमारे
जो हमें बाँट रहा है और
तुम भी
छूट रहे हो मेरे हाथों से

मुझसे
ये सब बर्दाश्त नहीं हो रहा है

काश
तुम समझ पाते
मेरे मन कि पीड़ा को……. काश!!!

Tuesday, 22 April 2014

अब कोई एहसास नहीं.....

एहसास
नहीं होते अब
वो तो कब के 
दफ़न कर दिए थे 
तुम्हारे जाने के बाद
कुछ 
सुगबुगाहटें 
होती थी रातों को
कानों में
जो सोने नहीं देती थी मुझे

हाँ तुम थे
तब भी कभी नहीं सोई थी
तब तुम थे न इसलिए
और अब
जब तुम नहीं हो तो
तुम सोने नहीं देते

तुम्हारी वो
आखरी पल कि बातें
वो साफ़गोई अलगाव की
हमारे रिश्ते की
कईयों बार
दोहराती है तन्हाई

अब तो
सब कंठस्थ हो चला है
सोचती हूँ
कभी अपने
दाता की स्तुति
मुंहजबानी न हो सकी और
तुम्हारी चुभती बातें
मैं दोहराती हूँ

जैसे
कोई मधुर गीत
कभी गुनगुनाया करती थी
पल पल जिसे लबों पर रख
चखती थी
जिसके स्वरों के
तेज़ से मेरे
हिमायती भी साथ हो लेते थे

पर
अब होंठ काले पड़ गए है
शायद जल गए है
तुम्हारी बातों को 
कंठस्थ जो कर लिया है

देखो
कितना ज़ेहर है इनमें जो
मुझे धीरे-धीरे
खत्म करता जा रहा है

फिर
कैसे अब एहसास
जिन्दा रहेंगे
जब सब जलने को है तो
तुमसे मुझे जोड़ने वाले सर्वप्रथम
ये एहसास ही भस्म हो गये
अब कोई एहसास नहीं
कोई भी नहीं……..