Friday, 25 April 2014

बंद
होठों से
ये उँगली हटा दो
कि
तुम्हारी
चुप्पी से
कहीं ज्यादा
मुझे ये खौफनाक लगती है.....

Thursday, 24 April 2014

बिना
शर्त के
मिलना है ....तो मिलो

वरना
शर्त-ए ज़िन्दगी
जीना भी
मुझे .....गवारा नहीं....

Wednesday, 23 April 2014

चाहूँ तो
कई रंग-बिरंगे वहम
बाँध कर, ओढ़ कर
चल पडूँ ज़िन्दगी की राह
जीने के लिए

पर
कब तक
किसे धोखा देना,
उन्हें जो मुझे देख अंदाज़ा
लगाते है मेरे होने का…….न होने का

पर ये तो
दिखावा हुआ न?
नहीं……… 
ये मुझसे नहीं होता….

मैं
ख़ुद से कैसे बचूँ
कहाँ से, कैसे, किधर जा कर
छुप कर …..ख़ुद से …..

मैं …..
खुद को बचा सकूँ
ऐसे की मेरा
मुझसे तार्रुफ़ न हो सके
मैं मेरे सामने
मैं मेरी रूह से न टकरा पाऊँ
कहाँ जाऊँ?
खुद से कैसे भागु?

घर, गली, शहर छोड़ दूँ ?
या फिर दुनिया छोड़ दूँ ?
पर खुद से
कहाँ भागूं? ……..कहाँ?

वहम
पाल कर
कैसे जियुँगी और
कब तक?

नहीं …….
नहीं मुझ से ये
नहीं होगा

मैं
ज़मीं पर पैर रख
उसे जीना चाहती हूँ
उसकी ठंडक, उसकी तपिश
उसकी बुँदे, उसकी आग में जलना
चाहती हूँ

मैं
ज़िन्दगी
की ख़्वाहिश
बन जीना चाहती हूँ

बस …….
बस यही चाहती हूँ …..बस!!!
काश
तुम समझ पाते
मेरे मन कि पीड़ा को

हर
रिश्ते की टूटन से
टूट चुकी थी मैं
तुम मिले तो जैसे
सहारा मिला फिर जीने का
तुम संग मिल रंगीन होने का

मैं
मुरझाई थी
तुमने छुआ तो महक उठी

हाँ तुमसे
रिश्ता नहीं निभाना था मुझे
पर फिर भी
न जाने क्यूँ दिल ने
रिश्ता गढ़ लिया

कुछ
गीली मिट्टी पड़ी थी
एहसासों की
तुम मिले तो उसे भी
अपना आकार मिल गया

नहीं
समझ पायी
कब कैसे ?
तुम मुझ में बसते गये
मैंने तो
पहले ही हर दरवाज़े पर
नमुमकिन का ताला लगाया था

न जाने
कब किस हवा ने वो
कुण्डा तोड़ तुम्हें
अन्दर आने दिया
और तुम भी
मुझमें समाते चले गये

अब मैं
तुम संग
तुम जैसी हो गयी हूँ और
यूँही रहना चाहती हूँ
पर नहीं ……….

नहीं
ये मुमकिन नहीं
तुम जा रहे हो और
तुम्हें जाना ही होगा

मैं
और तुम
कभी हम नहीं हो सकते

मगर
दिल घबरा रहा है
और बस तुम्हें माँगता है
मैं भाग कर
तुमसे लिपटना चाहती हूँ

पर
कुछ बीच हमारे
जो हमें बाँट रहा है और
तुम भी
छूट रहे हो मेरे हाथों से

मुझसे
ये सब बर्दाश्त नहीं हो रहा है

काश
तुम समझ पाते
मेरे मन कि पीड़ा को……. काश!!!

Tuesday, 22 April 2014

अब कोई एहसास नहीं.....

एहसास
नहीं होते अब
वो तो कब के 
दफ़न कर दिए थे 
तुम्हारे जाने के बाद
कुछ 
सुगबुगाहटें 
होती थी रातों को
कानों में
जो सोने नहीं देती थी मुझे

हाँ तुम थे
तब भी कभी नहीं सोई थी
तब तुम थे न इसलिए
और अब
जब तुम नहीं हो तो
तुम सोने नहीं देते

तुम्हारी वो
आखरी पल कि बातें
वो साफ़गोई अलगाव की
हमारे रिश्ते की
कईयों बार
दोहराती है तन्हाई

अब तो
सब कंठस्थ हो चला है
सोचती हूँ
कभी अपने
दाता की स्तुति
मुंहजबानी न हो सकी और
तुम्हारी चुभती बातें
मैं दोहराती हूँ

जैसे
कोई मधुर गीत
कभी गुनगुनाया करती थी
पल पल जिसे लबों पर रख
चखती थी
जिसके स्वरों के
तेज़ से मेरे
हिमायती भी साथ हो लेते थे

पर
अब होंठ काले पड़ गए है
शायद जल गए है
तुम्हारी बातों को 
कंठस्थ जो कर लिया है

देखो
कितना ज़ेहर है इनमें जो
मुझे धीरे-धीरे
खत्म करता जा रहा है

फिर
कैसे अब एहसास
जिन्दा रहेंगे
जब सब जलने को है तो
तुमसे मुझे जोड़ने वाले सर्वप्रथम
ये एहसास ही भस्म हो गये
अब कोई एहसास नहीं
कोई भी नहीं……..

अब तुम बिन जीना है ....

अब
तुम बिन जीना है

कितना मुश्किल है
ख़ुद को ये समझाना
यकीन
कर पाना कि
तुम अब नहीं हो ……..कहीं नहीं हो

तुम
संग आने वाली
शामों का इंतज़ार
कहीं नहीं है

तुम से
होने वाली रातों का
सफर अब नहीं है

तुम से
मिल कर आने वाला
सूरज अब
कभी नहीं आयेगा

ये शामें
यूँही बुझती जायेंगी

ये रातें
यूँही तड़पती रहेंगी

सूरज
अपना सा मुँह
ले कर चला जायेगा

अब
जो तुम नहीं हो
तो सब बदरंग है

न शामों की
रंगीनियाँ लुभायेंगी

न रातों को
चाँदनी मुस्कुराएंगी

न सूरज अपने
होने पर इतरायेगा

मुझ से मिल कर ये
सब खाली हाथ लौट जायेंगे

अपने होने का
सब शोक मनायेंगे

मैं 
तुम बिन
सुनी आँखों से
हर दिन को अलविदा करुँगी
और तारीख़ों के
मायाजाल संग
ज़िन्दगी निर्वाह करुँगी

अब
जो तुम नहीं हो
न जाने
मैं कैसे जिया करुँगी ……