Thursday, 10 April 2014

ये उजली सी
रात में तेरा
उतरा सा चेहरा
लगता है
चाँदनी चुभ रही थी
तुझे या काट
रहा है चाँद का पहरा

ख़ामोश रहे तुम
देर तलक और
मैंने भी
तुमसे ग़ुफ़्तगू न की
डरती हूँ
कहीं तुम रूठ कर
चले न जाओ पर
ऐसा भी क्या मिलना तुम्हारा
न तुम बोलो …….न मैं ….

तुम
मन के बड़े गहरे
न जाने किस छोर
तुम गोते लगाते हो
कैसे ……..तुम्हारी ठोर मैं जानू?

ये दमकती
रात भी जो तुम को
बेनूर लगे तो
किस रौशनी से तुम्हें
मैं रोशन करुँ ?

प्रेम की चमक
चाँदनी में निखर जाती है
पर तुम संग ये
बदरंग क्यूँ लगने लगी है?

तुम
मोहब्बत नहीं समझे
न उसकी कशिश को
अपने मैं का
दुःख तुम पर बहुत भारी है

तुम
नहीं समझे
चाँदनी की मोहब्बत
तो क्या जानोंगे मुझे और
मेरे प्यार को

ये उजली सी रात में तेरा
उतरा सा चेहरा
बेवज़ह का मातम
इस एक
मोहब्बत के पल कि
ख़ातिर …..उतार दो इसे
उतार दो इसे………..

Tuesday, 25 March 2014

प्रेम तो है नहीं कहीं ....

प्रेम तो है नहीं कहीं
शरीर है बस
बाक़ी जो है वो
लगाव है जो जरूरतों का पुलिंदा भर है

प्रेम
बातों में लड़ता-झगड़ता
हार कर वापस दौड़ जाता है
काले घने
जंगलों में सो जाता है
तब तक
जब तक शरीर जागता रहता है
तड़पता रहता है, भूखा रहता है
प्यास से चीख़ता और
लालायित रहता है स्पर्श के लिए

शरीर ही
आधार है कुछ रिश्तों का या
यूँ कहें की क़रीब होने का

रिश्ता……….कैसा रिश्ता ?
कोई रिश्ता नहीं
शरीर के आगे
कोई रिश्ता नहीं टिका
गर्म, भूख से
तपे शरीर की महक
उसकी हल्की सी
ताह ही काफ़ी है रिश्तों के
भस्म हो जाने के लिए
उसकी मर्यादाओं को ख़ाक
करने के लिए
कमज़ोर
तन्हा अहसासों की भटकती
नंगी रातों को हर
शरीर अपनी आग़ोश में लेना चाहता है
दबोचना चाहता है,
मसलना चाहता है, भोगना चाहता है
सोना चाहता है ……..

मन, भावनाएं,
एहसास, संवेदनाएं और
इच्छाएं दबे पाँव
ऐसी कमज़ोर रातों में
डर कर, छुप कर भाग खड़ी होती है

कहीं इनका
ज़बरन अपहरण न हो जाये
कोई वासना से लिप्त
शरीर इनका बलात्कार न कर ले
कहीं कुचल न दें
इनके मर्म, इनकी आत्मा को

इसलिए
प्रेम और प्रेम सम्बंधित
भावनाएं, तमन्नाएँ
एहसास और अनोखी छुअन सभी
प्रेम की अदायें है, शोखियां है
शरीर से अलग़
आत्मा की देन है जो
अहसासों से अहसासों का मिलन है
इसमें शरीर कहीं नहीं है

जहाँ शरीर है
वहाँ सिर्फ शरीर है
कोई रिश्ता नहीं, कोई उम्र का ठींकरा नहीं
कोई अपमान नहीं, कोई उलंघन,
कोई मर्यादा नहीं

यह शरीर
सब पर भारी है
सबके आगे जीता है, सबसे जीता है

शरीर
सिर्फ सोना जानता है
उसके कोई नियम, कोई सीमा नहीं
है तो बस
भूख सिर्फ ………भूख!!!

Tuesday, 18 March 2014

दिल
का आईना
खुर्चा, तिरछा और
चटका हुआ
जिसमें मेरा अक्स
बिखरा नज़र आता है
कई टुकड़ों में

कभी कभी जब
दर्द कि सिरहन बढ़ जाती है
तब ये बिखरे टुकड़े भी
ज़र्रा ज़र्रा हो जाते है

कोई
दवा नहीं इसकी
न कोई
इस टूटे आईने को
फिर से सवारने वाला

हाँ
हर बार एक नयी
चोट, एक खरोंच और
एक टुकड़ा और करने वाले
बहुत मिले

मुझसे भी अब
ये नहीं सँवारा जाता,
सजाया जाता
मैं उब गयीं हूँ, थक गयीं हूँ
रोज़ सीधा करना,
हर टुकड़ा तलाशना और जोड़ना
खुरचन को मिटाना

नहीं
होता अब मुझसे ये
अब नहीं होता…

Saturday, 15 March 2014

हल्की हल्की सी
ये ख्वाहिशें
नर्म, मख़मली छुअन सी

दिल के झरोखों से
झाँका करती है
दुनिया की भीड़ को
कभी डरती हैं, छुपती हैं
और अक्सर सहम कर
झरोखें बंद कर
आ बैठतीं हैं धड़कनों संग

ख्वाहिशें मासूम है बहुत
पर हठी प्रवृति कि
डटी रहेंगी पर ख़त्म न होंगी
उड़ती है तमन्नाओं के
आसमां में
ऊँची ...... बहुत ऊँची

दूर तक फैला है इनका
जहान जो सतरंगी
इरादों से सजा,
खूबसूरत ख्यालों से बुना है
महकता है अरमानों के इत्र से,
दहकता है सपनों के अलाव से

इनका होना और
पूरा होना सवाल है अब तक
जवाब छुपा है परिवर्तन कि
भाषा में, नियमों के परे
कायदों के पीछे
और इनको लांगना
फिर से एक सवाल
उठाना है जिसके अंत का
कोई अंत नहीं

फिर भी कोशिश कर रही हूँ
जवाब तलाश रही हूँ
पर दुनिया के ढंग देख
भटकने का गुमां होता है
अपनी इच्छाशक्ति
पर भी कभी कभी
शक़ होता है

मैं गुम न हो जाऊँ कहीं
इसलिए इन
ख्वाहिशों को हर दिन
उम्मीदों का पानी देती हूँ
इरादों की धूप और
विश्वास कि स्वस्थ हवा देती हूँ
ताक़ि ये जीती रहें
और मैं भी ……..
नन्हीं नन्हीं
ख्वाहिशें जन्मी है
जैसे पतझड़ के बाद
नन्हीं कलियाँ
नन्ही कोपले

बड़े आग़ाज़ का
छोटा सा ख़ाका
बड़ी उम्मीदों की
छोटी सी किरन

उगने दो इन्हें
पनपने दो
कल की धूप के लिए
इनके साये बनने दो

करो तैयारी
खूबसूरत शुरुआत कि
सजाओ बस्ती
अपने जहान कि
के फिर
मौसम ने करवट ली है

फिर 
क़िस्मत ने दवात दी है
फिर खुशियों ने रहमत की है

जगने दो ख्वाहिशें
पकने दो ख्वाहिशें
के नया कुछ होने को है
परिवर्तन होने को है

इंतज़ार ख़त्म होने को है
मैंने
अपनी कुछ ख्वाहिशें
तुम्हारे लिए
बाँध कर रख दी है
जो तुम से
मिल कर पूरी होंगी

देखो ज़रा
इनके कोमल इरादों को
समझों
इनकी दिलक़श भाषा को
मैंने कितने जतनों से
इनको
तुम्हारे लिए है चुना

तुम
अपने दिल की
एक खिड़की खोल दो
इनके
आवागमन के लिए
बस यही
इनकी दुनिया होगी

तुम
एक एक कर
हर ख्वाहिश चुन लेना
हर एक के लिए
कुछ सपने तुम भी बुन लेना

हम
मिल कर फिर
इनके गर्म आलिंगन में
अपनी ज़िन्दगी बीता देंगे
और कुछ ख्वाहिशें
अपने सपनों के लिए सजा लेंगे
इनकी छाव तले
हम अपना आशियाँ बना लेंगे
हम अपना आशियाँ बना लेंगे……………