Monday, 10 March 2014

जैसे
कोई सुरंग है वक़्त कि
तेरे मेरे दरमियाँ
लम्बी ....... बहुत लम्बी
जिसके बीच
मज़बूत पारदर्शी
शीशे का दरवाज़ा लगा है
एक तरफ़ उसके तुम और
दूजी तरफ़ मैं हूँ
उलझन ये की
इस पर ताला
लगा है जो मेरी ओर है
पर उसकी चाबी
तुम्हारे पास है

कहो अब.......
ये दरवाज़ा कैसे खुले?
तुम इस
वक़्त की सुरंग के
उस तरफ़ से
इस ओर तक
मेरे पास तक कैसे आओगे?
मझे कैसे पाओगे?

कहो…….. क्या मुझे पा सकोगे ?

Saturday, 8 March 2014

बहुत शोर है यहाँ.....

बहुत शोर है यहाँ
बहुत ज्यादा
मैं कैसे वो आवाज़ सुन सकूँ
जो मेरे लिए है

कितनी ही देर कानों पर हाथ लगा
सब अनसुना करती रही
लेकिन
शोर इतना है की मेरी हथेलियों को
भेद कर मेरे कानों पर बरस पड़ता है
मष्तिष्क की हर नब्ज़ थर्राने लगी है
नसों में आक्रोश भर गया है

अज़ीब शोर है यहाँ
जलन, ईर्षा, द्वेष, अपमान का,
भेदभाव का शोर
धधकता, जलाता शोर
इस तरहा बढ़ता जाता है की
इच्छाशक्ति इस के प्रभाव से
क्षीण होती जाती है
कैसे सेहन करूँ?
किस तरहा निर्वाह करूँ?

कई बार निश्चय किया
आवाज़ उठाऊँ, परास्त कर दूँ
इन कर्कश स्वरों को
पर अपनों से युद्ध, जीतना
और शिकस्त देना आसान नहीं है

मन का एक कोना
रोता है, बिलखता है जो अक्सर
भय से, आश्चर्य से घटित हो रहे
सिलसिलेवार आघात पर चौंकता है

रोज़ सवाल उठता है
कैसे अपने ही
घातक प्रहार कर देते है मन पर,
ह्रदय पर, भावनाओं पर
जिसकी चोट सीधे आत्मा को लगती है
और जिसके ज़ख्म
गहरे बहुत गहरे होते जाते है
जो दुखते है, चुभते है और रिसते है

ये कैसा शोर और किस कारण
आपसी द्वेष, नासमझी या
आपसी प्रतियोगिता के कारण

अपनों का होना सहारा होना है या
इस प्रकार के बैर का होना
जैसे निर्थक, खोखला, बेमायने और
बेमतलब होना……..

इस शोर को ख़त्म करना है
प्रयत्न बहुत हुए अब तक पर
अब प्रण करना है
इस शोर में
अपनी आवाज़ को बुलन्द करना है

हाँ अब.........
सब को ख़ामोश करना है ………..

Wednesday, 5 March 2014

शाम होते ही
दिल घबराने लगता है
इन गुज़रते
पहरों को टाला नहीं जा सकता
और मुझसे
इनको गुज़ारा नहीं जाता

सोचती हूँ
काश ....... सब उलट हो जाये
रात भर
दिन के काम काज़ हो जायें
और दिन में
मैं कहीं गायब हो जाऊँ
दिन
गुज़ारा नहीं जाता और
ये रातें बीतती नहीं

पर ये सब
मुमकिन ही नहीं
मुझे ये रातें पसंद नहीं

काश
ये रातें इन २४ घंटों से
गायब हो जायें
या मैं
इन रातों से …….काश!!!!!

Wednesday, 19 February 2014

ऐसा
नही कि अब दर्द नहीं 
हाँ बस
अब समय बांध दिया है
उसके लिए

यूँही कभी
आना जाना उसका 
सबके सामने
सबका उसको
तुछ नज़रों से देख
घृणा करते है
मुझे बुरा लगा है ऐसा होना

कहती तो हूँ
ऐसे रहो जैसे
मैं रखूँ तुमको
तब आओ जब कोई
न हो पास
तब आओ जब कोई
न देखे
तब आओ जब भीड़ में
हूँ मैं
तब आओ जाओ सब
सो जायें
तब आओ जब सूरज
भागे
तब आओ जब चंदा
जागे

मैं तो
तुमसे हूँ ना
फिर तो मेरी बात भी मानो 

हाँ तुम
संग ही जीना है
कड़वा बहुत
पर तुमको पीना है

तुम बिन न
प्यास बुझती अब
तुम बिन
सब सुना लगता है
तुम रहो
दिल के कोने में
तुमसे मेरा
कोना कोना जचता है

भरा भरा सा
दिल मेरा
ख़ाली नहीं सुहाता है
तुम रहते हो तो सच
जीने में मज़ा भी आता है

जब से बढ़े हो
सीने में
लज्ज़त बढ़ी है 
जीने में
तुम होते हो
सब होता है
बिन तेरे
सुना जग सारा है

दर्द तू
सिर्फ दर्द नहीं
तू मेरे 
जीने का बहाना है
तू मेरे जीने का बहाना है……..
दिन
कुछ मीठे
कुछ खट्टे

जैसे
तुम और
तुम्हारी बातें ........

Sunday, 16 February 2014

फूल
महक, छुअन और
एहसास कुछ नही है
बस तुम हो

रात
चाँदनी, नमी और
कमी कुछ नही है
बस
तुम हो

वक़्त
आरज़ू, आज और
ख्वाब कुछ नहीं है
बस
तुम हो

ज़िन्दगी
बातें, दिन और
भविष्य कुछ नही है
बस
तुम हो

दिल
साँसे, जीवन और
ख़ुशी कुछ नही है
बस
तुम हो

मोहब्बत,
यादें, नज़ारे और
दुनिया कुछ नही है
बस
तुम हो

बस तुम हो….