Monday, 3 February 2014

जो सोचती हूँ तुम्हें
वो कैसे लिखूँ
इस अद्भुत रिश्ते को
लफ्ज़ कैसे दूँ

महसूस
करते है जैसे
फूल प्रकाश को
उस प्राप्ति को
एक आंचमन में
मैं कैसे भरूँ

तुम्हारी उड़ान
आकाश से परे
मेरे ख्वाबों तक फैली है
कैसे एक ख्याल में
तुम्हें क़ैद करूँ

बंधा तो था
एक रिश्ता
रातों के पहरों में मैंने
जो दिन भर सोया रहता
बंद कर
इस दुनिया के दरवाज़े

धुन में
वो खोया रहता
उससे दूर न होती तो
अधूरी लगती लम्हों की
कहानी शायद

वो बीतना था तो …..
बीत ही गया
फटे पन्नों जैसा
बिखर ही गया

जो अब
तुम मिले हो
मैं कैसे इक़रार करुँ
गुज़रते पलों से
तुम्हें कैसे
आज़ाद करूँ

कोशिश ……..
हाँ ….
कोशिश करती हूँ
करुँगी ……..

तुम सागर हो ….
मैं कैसे
तुम्हारा तिरस्कार करूँ

जो सोचती हूँ तुम्हें
वो कैसे ज़ाहिर करूँ
तुम्हें लफ़्ज़ों में 
कैसे बयां करूँ
कैसे................
निकल पड़ी थी
बिन बोले
बिन बताये किसी को
रोशनी से पहले
अँधेरा हाथों में लिए
मन में शून्य था बस
दूर तक और
कोई आवाज़ नहीं
बदल नहीं पायी थी मैं
होनी का चेहरा
फिर जो होता रहा
मन अपनाता रहा
चलती रही उबड़खाबड़
रास्तों पर
कोरे काग़ज़ लिए
सोचा था ……..
वक़्त पिघल कर
माथे से कागज़ पर मेरी
क़िस्मत लिख देगा
नासमझ थी मैं
किस्मत के लेख़ कागज़ों पर
नहीं समा पाते कभी
सेहरा में खोई सी मैं
मुक्ति का द्वार ढुंढती सी
फिर वापस लौट आयी
ज़िन्दगी के रास्तों पर
शायद………

तुझसे मिलने की
लकीरें थी मेरे हाथों में बाक़ी……….

Sunday, 2 February 2014

११६ चाँद की रातें
और तुम्हारे
दिल की धड़कन
दोनों समायी है मुझ में
मेरी रूह तलक……..
मैं तस्वुर में रहती हूँ
तुम संग चाँदनी में
और तुम
धड़का करते हो
साज़ जैसे मेरे कानों में
महका करते हो
मेरी साँसों में
सिमटे रहते हो
मेरी बाँहों में
बहुत तन्हा थी
तुम बिन
पूरी पर अधूरी रही
तुम बिन
अब भर लेना तुम मुझे
नज़ारों में
कैद कर लेना दिल की
पनाहों में
मैं उम्र भर 
आसमां के साये
में बैठी रहूँगी
तुम चाँद बन चमकते
रहना मेरी आँखों में
मैं तुम संग धड्कूँगी
एहसासों में
खो जाऊँगी तुम्हारी
चाहतों में
रहना तुम बन
फ़लक से और
मैं तुम्हारे दिल में……
लिख कर 
काग़ज़ पर 
मिटाई गयी इबारत हूँ
अश्क़ बन 
बहती रहूँ वो बारिश हूँ
मैं समेट नहीं पाती 
अपने अक्स की टूटन
छन से पल में 
बिखर गयी वो नेमत हूँ

ऐसा नहीं था की
गुलशन महका नहीं
बहारों का मौसम
दिल से गुज़रा नहीं पर 
एक तेज़ झोंके ने ही बाग़
उजाड़ दिया
अरमान के पँछी 
मार डाले और
सुकूं का गला घोंट दिया
कैसे भूलूँ सब
बस सदमें में हूँ 

ग़ुमराह,
अजनबी, अनदेखे
सफ़र की राह में हूँ
ख्वाबों के चुभते 
ज़ख्म लिए मरहम 
खोज़ती दर्द के मैख़ाने में हूँ
मैं ड़ाल से छूटे
चिड़ी के घरौंदें की छाव हूँ
तड़पाती रहूँगी
नसों में हर पल
दुखती वो प्यास हूँ............
मैं तुझे चाहूँ तो कैसे
मैं अधूरी कहीं, कहीं से टूटी
थोड़ी सी कम, ज़रा सी नम
हल्की उदासी की
चादर जैसी
भीगी हो रातों की
पाती वैसी
मैं तुझे चाहूँ तो कैसे

मन का आँगन
पड़ा है मैला
यादों की कितनी धुल
ज़मी है
भर भर हाथों रोज़ ढोती हूँ
फिर भी सुबह शाम
चलता अन्धड़ सा रेला
जगह कहाँ है
मेरे पाँव पड़ने को
वजह कहाँ है तेरी
बात बनने को
मैं तुझे चाहूँ तो कैसे

ना……. तुझ में 
कोई कमी नहीं है
बस तुझ संग रब ने
लिखी नहीं है
मैं कब बीत जाऊँ
तारीख़ों से
मुझे अब इसकी भी
ख़बर नहीं है
मैं तुझे चाहूँ तो कैसे

अपने मन से
बंधी हुई हूँ
डोर में दर्द से जुडी हुई हूँ
मैं बदले में
दूँगी क्या तुझको
दोनों हाथों से
रिक्त हो चुकी हूँ
मैं तुझे चाहूँ तो कैसे
मैं तुझे चाहूँ भी तो कैसे………
कोई नहीं है
फिर भी
कुछ क़रीब लगता है
मेरे ख्यालों में
किसी का
दख़ल अज़ीब लगता है
बंद आँखों से
नींद रूठी है कब से
ख़ुली आँखों में
कोई सपना मचलता है

कैसे होने लगा है ये
मैं कई दिनों से
सोच में हूँ
कैसे कम होने लगा
तन्हाई का धुआँ
कैसे कमज़ोर पड़ने लगे
दर्द के दरख्त
कैसे अब शोर करने लगे है
वो वक़्त के साथ
चुप्पी से उगते झड़ते
ख्याल ………..

ये क्या हुआ है
मन को
सवाल तो ऐसे
कई है
मैं रोज़ पूछती हूँ और
फिर ख़ुद ही चुप्पी
पकड़ लेती हूँ
जानती हूँ वजह
और जान कर 
अनजान भी हूँ
शायद ......

मैं बीच सफ़र में
ठिकाना तलाश रही हूँ........