Friday, 24 January 2014

तुम्हारा अस्तित्व
नहीं समझ पाती हूँ
तुम कभी ख्याल
कभी नज़्म, कभी गीत बन
मेरे लबों पर सजे रहते हो
कभी महक, कभी गहना बन
मेरे बदन से लिपटे रहते हो
बालों में मोती से, आँखों में
काजल से गुथे रहते हो
हाथों में चूड़ियों से और
पाँव में झांझर से
गुनगुनाया करते हो
सोचती हूँ तुम्हे
सागर सी गहरायी साथ ले कर
तुम्हारी वजह, तुम्हारी जगह
तलाशती हूँ खुद में
फिर भी गुम हो तुम और
तुम्हारा अस्तिव
नहीं समझ पाती हूँ………
कौन हो तुम
मेरी प्यास या
दिल की आस हो तुम
हर सु तू है, तुझ से शुरू
तुझ पे खत्म
दिन हो या रात हो तुम
कौन हो तुम

मैंने जब से समझा रब को
तब से ढूँढा है तुझे को
जीना जाना जबसे
तुझे माँगा है तबसे
कौन हो तुम
मेरी प्यास या
दिल की आस हो तुम

यूँही गुज़री सदियाँ अब तक
पर मैं समझ न पायी
कौन हो तुम
मैं किस्से पूछूँ
कौन हो तुम, मैं कैसे जानु
सवाल लिये फिरती हूँ
अब तक कहीं ठहर न पायी
कौन हो तुम
मेरी प्यास या 
दिल की आस हो तुम
कौन हो तुम...........
सर्द हवायें
मेरे बालों में
ठंडी उँगलियों सी
गालों पर तीखी
छुअन सी
ज़िस्म से लिपटती
अधूरी प्यास सी
कुछ नर्म सी, थोड़ी गर्म सी
तुम्हारी चाह सी, दिल की आह सी
दिलक़श भी, दिलफरेब भी
सर्द हवायें
कुछ तुम्हारे प्यार सी
थोड़ी तुम सी………..
जैसे
झटके से
खींच कर
तुमने मुझे
अपनी बाँहों में ले लिया 

मैं
सिहर गयी
फिर तुम्हारे
प्यार की गर्माहट से
सुकूं पा कर
बिछ गयी मैं…
तुम्हारी पनाह में

कुछ ऐसे ही
आज
सर्द हवाओं में 
उजली धूप ने 
मुझे अपने गले
लगाया और
आज फिर
मुझे तुम याद आये…………
तुम्हारा ख्याल आया
सोचा…..
तुम्हे भी अपना
ख्याल दे दूँ
कुछ कह कर
सताती रहूँ शाम तलक
थोड़ा गुनगुना कर
कानो में घुलती रहूँ
देर तलक
तुम्हें नाम से पुकार कर
सुनाई देती रहूँ
पहरों तलक
तुम्हे छू कर
छेड़ती रहूँ रात तलक
उफ्फ……
बस ख्याल ही तो हूँ
उलझों न

अच्छा.......
मैं सुलझा दूँ
याद करना फिर
ज़िन्दगी तलक………
आते जाते रहते हो
ख्यालों में मेरे
क्या सोच कर रहते हो
साथ तुम मेरे
सवाल करती हूँ तो
रूठ जाते हो
पास बुलाती हूँ तो
भाग जाते हो
छुपा-छुपी नहीं खेलती मैं
क्यूँ बच्चे बन जाते हो
आवारा लगते कभी
कभी राहें भटके से
ये गलियां नहीं तुम्हारी
क्यूँ चक्कर लगाते हो
दीवाने तो नहीं
कहीं तुम्हे इश्क़ तो नहीं…….

सुनो …….
भूल जाओ मैं तुम्हारी
तमन्ना नहीं
उलझन हूँ मैं किसी के
ज़ज्बात की
नहीं कश्ती में समंदर पार की
जाओ कहीं और ढूँढो
मैं नहीं परी 
तुम्हारे ख्वाब की………..