Friday, 24 January 2014

जैसे
झटके से
खींच कर
तुमने मुझे
अपनी बाँहों में ले लिया 

मैं
सिहर गयी
फिर तुम्हारे
प्यार की गर्माहट से
सुकूं पा कर
बिछ गयी मैं…
तुम्हारी पनाह में

कुछ ऐसे ही
आज
सर्द हवाओं में 
उजली धूप ने 
मुझे अपने गले
लगाया और
आज फिर
मुझे तुम याद आये…………
तुम्हारा ख्याल आया
सोचा…..
तुम्हे भी अपना
ख्याल दे दूँ
कुछ कह कर
सताती रहूँ शाम तलक
थोड़ा गुनगुना कर
कानो में घुलती रहूँ
देर तलक
तुम्हें नाम से पुकार कर
सुनाई देती रहूँ
पहरों तलक
तुम्हे छू कर
छेड़ती रहूँ रात तलक
उफ्फ……
बस ख्याल ही तो हूँ
उलझों न

अच्छा.......
मैं सुलझा दूँ
याद करना फिर
ज़िन्दगी तलक………
आते जाते रहते हो
ख्यालों में मेरे
क्या सोच कर रहते हो
साथ तुम मेरे
सवाल करती हूँ तो
रूठ जाते हो
पास बुलाती हूँ तो
भाग जाते हो
छुपा-छुपी नहीं खेलती मैं
क्यूँ बच्चे बन जाते हो
आवारा लगते कभी
कभी राहें भटके से
ये गलियां नहीं तुम्हारी
क्यूँ चक्कर लगाते हो
दीवाने तो नहीं
कहीं तुम्हे इश्क़ तो नहीं…….

सुनो …….
भूल जाओ मैं तुम्हारी
तमन्ना नहीं
उलझन हूँ मैं किसी के
ज़ज्बात की
नहीं कश्ती में समंदर पार की
जाओ कहीं और ढूँढो
मैं नहीं परी 
तुम्हारे ख्वाब की………..

Thursday, 23 January 2014

तुम रंग हुए
मैं पानी
अब न कोई जरुरत
न कोई कमी

तुम दिल हुए
मैं धड़कन
अब न कोई गवाह
न कोई क़ाज़ी

तुम लम्हा हुए
मैं पल
अब न कोई पूरा दिन
न कोई रात आधी

तुम रूह हुए
मैं ज़ात
अब न कोई वजह
न कोई सानी ……

Tuesday, 21 January 2014

वही रोज़ के
चार क़दम.........

घर, गली,सड़क
और दुनिया
इतनी ही नापी है
ज़मी

दर, दीवार, खिड़कियाँ
और दरवाज़े
इतना ही देखा
आसमां

मैं, तुम, वो
और हम
इतना ही दूर तक
गयी सोच

आज, कल, परसों
और बरसों
इतना ही देखा है
सपना…
कभी होता है यूँ भी
मोहब्बत एक तरफ़ा
रह जाती है

दो साथ मिल चलते है
वक़्त की धूप में
किसी मोड़ पर
एक परछाई रह जाती है

उम्रदराज़ वाक़ये नहीं ये
कुछ हमउम्र भी
भटक जाते है

अज़ीब है दिल के मामले
जो ज्यादा दे वही
अकेले रह जाते है……….