Thursday, 23 January 2014

तुम रंग हुए
मैं पानी
अब न कोई जरुरत
न कोई कमी

तुम दिल हुए
मैं धड़कन
अब न कोई गवाह
न कोई क़ाज़ी

तुम लम्हा हुए
मैं पल
अब न कोई पूरा दिन
न कोई रात आधी

तुम रूह हुए
मैं ज़ात
अब न कोई वजह
न कोई सानी ……

Tuesday, 21 January 2014

वही रोज़ के
चार क़दम.........

घर, गली,सड़क
और दुनिया
इतनी ही नापी है
ज़मी

दर, दीवार, खिड़कियाँ
और दरवाज़े
इतना ही देखा
आसमां

मैं, तुम, वो
और हम
इतना ही दूर तक
गयी सोच

आज, कल, परसों
और बरसों
इतना ही देखा है
सपना…
कभी होता है यूँ भी
मोहब्बत एक तरफ़ा
रह जाती है

दो साथ मिल चलते है
वक़्त की धूप में
किसी मोड़ पर
एक परछाई रह जाती है

उम्रदराज़ वाक़ये नहीं ये
कुछ हमउम्र भी
भटक जाते है

अज़ीब है दिल के मामले
जो ज्यादा दे वही
अकेले रह जाते है……….

Saturday, 18 January 2014

तुम थे तो किसी की जरुरत नहीं थी, न कोई कमी थी
अब जो तुम नहीं हो, जरूरत नहीं किसी की बस तुम्हारी कमी है………

Tuesday, 14 January 2014

ज़िन्दगी ने उजालों में भी
सदा अँधेरे ही दिखाये
काले सायें यूँ छाये कि
उम्रगुजारी को सफों पर
उतारने के लिए अब
उजाले की चाह नहीं लगती
अँधेरे और उसकी काली
स्याही दर्द के साथ उठती है और
अपनी छवि को अल्फ़ाज़ों में ढ़ाल
मुझे नज़मे थमा जाती है
मैं हैरान नहीं हूँ
क्यूँकि ये
उजालों के दोष है
अपने से रोशन वो
किसी को नहीं देख पता
उसे ख़ाक कर देता है, जैसे
मेरे हिस्से की धूप उसने
खीज़ कर ख़ाक कर डाली और
मेरे लिए अँधेरा छोड़ दिया
मैंने भी स्वीकार किया
अब ज़िन्दगी के उजले
सफ़ेद रंग से मेरा कोई
वास्ता नहीं
मुझे अब रातों में ही जीना है
मेरा सूरज अब मेरे साथ नहीं
उजाले चीख़ा करते है
आकर मेरे आँगन में
मैं कानों पर हाथ लगा
दौड़ जाती हूँ कमरों में
दरवाज़ें बंद कर, बत्तियाँ भुझा
अँधेरों में छुप जाया करती हूँ
ये दौड़-धूप का सिलसिला
कुछ यूँ चला की
अब उजाले अजनबी और
अँधेरे दोस्त हो गये
मैं दोस्त संग 
अब ज्यादा रहा करती हूँ
अजनबी से डर लगता है……