Monday, 30 December 2013

मैं अक्सर 
सँकरी, तंग काँटों से 
भरी अतीत की
गलियों से गुज़रा करती हूँ
जहाँ नफरतों से 
बदबूदाती ईर्षा की 
सीलन फ़ैली है
गलते दिनों की पपड़ियाँ
झड़ती रहती है
रातों की लाशों से 
राख उड़ती है
कुछ पोटलियाँ बंधी 
कहीं किसी मोड़ पर 
दिख जाती है ख्वाबों की
जो इंतज़ार के मैले पानी
से सनी लगती है
कितनी ही तारीख़े मडराती 
नज़र आती है उनपर
यही मेरी धूप ने
दम तोड़ दिया होगा
दीयों ने अपनी जात
बदल दी यही
और अरमानों ने
खुदखुशी की होगी
ख़ाली चेहरे से रंग
आँसुओं से बह गये
बुझती आँखों ने तभी
अंधकार का कफ़न
ओढ़ लिया
यही कहीं मेरी
चाहतों की दुनिया ने
तड़प कर 
अपनी साँसों को
अलविदा कहा होगा
तभी ये गलियां
अपनी ओर 
मुझे बुलाती है और
मैं अक्सर इन 
सँकरी, तंग काँटों से
भरी अतीत की 
गलियों से गुज़रा करती हूँ……..

Sunday, 22 December 2013

कुछ याद नहीं
शाम ढलती कब
जाने कब सवेरा दिन में बदले

पल यूँ बीतें
जैसे बह गया पानी
जाने कब तारीख़े बर्फ़ में बदले

मन का कौना
जैसे रह गया ख़ाली
जाने कब मेरे बेगाने में बदले

अज़ीब है यादे
जैसे हवा से बातें
जाने कब ये आँधियों में बदले

चाहती हूँ रुकना
जैसे घर हूँ मैं
जाने कब सपने हक़ीक़त में बदले…….

Saturday, 21 December 2013

मेरे सपने मुझे अब सोने नहीं देते
मेरी पलकों को नम होने नहीं देते

यूँ तो देते हैं मुझे होंसला बहुत पर
मुतमईन कभी मुझे होने नहीं देते

फ़िरते रहते हैं ख्यालों की गलियों में
मेरी सोच को तन्हा होने नहीं देते

एक टूक घूरती है दीवारें रात भर
पहरा हो कोई जैसे रोने नहीं देते

इक बोझ है मजबूरियों का मुझ पर
मेरी ख्वाहिशों को पूरा होने नहीं देते

मालूम है कलम में मेरी है शऊर मगर
कांटे बागबाँ को मुअत्तर होने नहीं देते

Friday, 20 December 2013

मैं झड़ जाऊँ, सूखें पत्ते सी
ख़िल जाऊँ या
फ़िर बिख़र जाऊँ

महकती रहूँ, शोख़ पवन सी
महकाती रहूँ या
मुरझा जाऊँ

कुछ कह दूँ, गुज़रती शाम सी
चुप रहूँ या
रो जाऊँ

मैं सिमटी हूँ, आह सी
तू कह दे या
मैं बिछ जाऊँ

मैं रुकी हूँ, तेरे एक इशारे भर के लिए
तू कह दे या
मैं मुड़ जाऊँ ……..

Wednesday, 4 December 2013

तेरे ख़त
जो महका करते थे
तेरी खुशबू से
तेरे एहसासों से
आज मुरझाए से लग रहे हैं.....

तेरे लफ्ज़ जो
उतरा करते थे
सीधे दिल में
जो रोशन करते थे
मेरे दोनों कायनात
आज धुंधला से गए हैं....

चुप्पी लगती है अपने रिश्ते कि
जो अब अल्फ़ाज़ों में भी
उतर आयी है

मैं शब्द पढती हूँ
पर मायने नहीं समझ पाती
क्या हुआ है ऐसा
तुम यादों से भी क्यूँ
दूर जाने लगी हो

रह जाओ न यही
इन लफ़्ज़ों में, इन एहसासों में
अपने खतों में…..मेरे लिए 
तुम रह जाओ न…….
जाने कैसे
कोई मेरे दिल में
कल हुआ था दाखिल
जाने कैसे
किसी ने मेरी
नींद चुराई थी

मौसम सर्द था
मनचली भी पुरवाई थी

भीगी पलकों से
बुन रही थी
ख्वाब मोहब्बत का
टूटी जो नींद
हाथ बस
रुसवाई थी

यादों के आँगन में
शायद कुछ फूल
फिर खिले है
जिसकी खुशबु से
चाँदनी भी बोराई थी

तेरी यादों की बारात
हर रात जवां होती है
कल भी शायद
वही से शहनाई 
की आवाज़ आयी थी

मन को फिर भर्म
हुआ होगा
तभी तो मेरे दिल की
कुण्डी तुमने खटखायी थी

जानती हूँ वो तुम ही थे
जो मेरे दिल में फिर
दाखिल हुआ
तुमने ही मेरी 
नींद चुराई थी ……….