Wednesday, 4 December 2013

चंद लम्हे
तेरे साथ के
ख़ैरात से मेरी झोली
में कुछ जो आ गिरे

सूत लगा
मेरी जान लगा
पूरी शिद्दत से
वक़्त ने फिर वापस लिए

रोज़ ढोती हूँ
बोझ साँसों का
ये ज़िन्दगी बड़ी भारी लगे

अफ़सोस
नाकाम मोहब्बत का
कोई ज़िक्र भी करे
तो ताना लगे

अरदास
गुज़रते लम्हों से
इतनी थम के न गुज़र
की हर पल सदी समान लगे ……

Tuesday, 3 December 2013

मैं इतनी पूरी तो नहीं
और न इतनी खाली हूँ
ये दुनिया मुझ से बनती है
इस दुनिया से मैं नहीं हूँ

ज़िन्दगी की 
सांझ होने को आयी
और मेरी धूप की आरज़ू 
इस दुनिया के आँगन में
खत्म हुए जाती है

समय कहता है
अब साँझ अपना ले
पर मुझे अपने
लिय बस एक पहर चाहिए
ये साँझ भी मेरी नहीं है

मुझे तो उस पहर से 
गुज़ारना है 
जिस पहर मैं पूरी हो जाऊँ
मैं तुम संग 
सम्पूर्ण हो जाऊँ……….

Sunday, 1 December 2013



मेरी मोहब्बत का रंग 
उतर आया हो जैसे 
पानी में
ठहरा शांत पानी 
मेरी मोहब्बत के जैसा 

जो तुम्हारे लिए 
ठहरी है एक ही जगह 
कितनी भी हवाएं हो 
बहारों कि 
मेरी मोहब्बत तुम्हारे लिए 
बस वहीँ है 

शांत, ठहरी और 
सिर्फ तुम्हारी 
गहरे प्यार का रंग लिए 

स्याह सी जो 
मुझे उसमे डुबोए रखती है 
चुप सी, खामोश सी 
बस मोहब्बत है 
यकीं है ……
और रंगीन है …..तुम से......

Thursday, 21 November 2013



उदास सहमी सी शाम
पीला शांत सा आसमां
दूर तक कोई नहीं
कोई आवाज़ भी नहीं
पँछी भी शांत से गुज़रते हुए
न जाने का बताया
न फिर आने की बात की
जैसे कुछ मिला नहीं
दिन भर की घुमकड़ी से
ख़ाली हाथ
लौटना पड़ रहा हो घर
इसलिए मुँह लटकाये
उड़े जाते है
ये शाम की नमी है या
तरसते अरमानो की रात
के आने का आगाज़

सम्भल जा ए दिल
फिर रुलाएगी
ख़ामोशी कि ज़ुबाँ
फिर रात मातम में
गुज़रे की शायद…....

Thursday, 14 November 2013

 

वो मिला भी नहीं
मन से मिटा भी नहीं
कैसा हमसफ़र है मेरा
साथ रहा भी नहीं
तन्हा छोड़ा भी नहीं.......

Monday, 11 November 2013

आज फिर लड़खड़ा रही हूँ
भ्रमित मन के कारन
वापस लौट आयी हूँ
वहीं जहाँ से चली थी
सम्भावनाओ कि ओर
फिर देख रही हूँ
अनुभवियों के दृष्टिपटल को घूर
कभी उनके नज़र के आईने को
समझती हूँ ……

और कभी
अपनी सोच की पहुँच को
बहुत कमज़ोर और झरझरी
डोर हो गयी है समझ की
ना जाने कैसे पकते पकते
बीज़ बन गयी मैं
मंज़िलों को देखती थी
न जाने कैसे गालियों में
खो गयी मैं
असमंजस निराशा और
हताश उम्मीदों ने
मुझे जकड़ लिया ….या
बाहरी रौशनी और
सपनो कि उड़ानों ने
मुझे अँधा कर
रेगिस्तान में फेंक दिया
मैं आँखे मलते हुए सबकी
ओर अचरच से देखती हूँ
सबको जानती हूँ पर
क्या जानती हूँ
नहीं पता……

कौन सा नया आयाम है ये
मेरी ज़िन्दगी का
मैं पुराने मैले कपड़े
धूप दिखा पहनती हूँ
ये मैं कहाँ हूँ......... कब तक हूँ
मैं कौन हूँ ……..